मरदह(गाजीपुर)। स्थानीय विकासखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रबी कृषि निवेश मेला तथा कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों की ओर से पशुपालन तथा कम लागत में आधुनिक खेती के बारे में किसानों को विस्तार से बताया गया।
इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से जैविक खेती किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। बीज बोने से पहले मिट्टी की जांच अवश्य कराया जाना चाहिए। किसान मृदा परीक्षण के बाद ही खेतों में उर्वरक का उपयोग करें। जिला तकनीकी सहायक अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने कृषि यंत्रों एवं कृषि विभाग की ओर से दिए जाने वाले बीजों पर सब्सिडी एवं लक्ष्य को विस्तार पूर्वक बताया। इसी क्रम में फील्ड- डे गोष्ठी पर प्रकाश डाला गया। इससे पहले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता जितेंद्रनाथ पांडेय ने फीता काटकर एवं दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पंडाल में कई विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि ने कहा कि कृषि प्रधान देश में जब तक किसान खुशहाल नहीं रहेगा तब तक देश खुशहाल नहीं हो सकता। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष धनंजय चौबे, शिवविजय, नवनीत तिवारी, प्रदीप सिंह, शशिभूषण तिवारी, चंद्रजीत सेहरा, धर्मेंद्र पटेल, अमरजीत सिंह, नीरज सिंह, शशिप्रकाश सिंह, जय सिंह, पवन पांडेय, राजेंद्र यादव, राजेंद्र सिंह, हरिवंश यादव, परमानंद सिंह, अरविंद राय, रामाश्रय राय, ग्राम प्रधान उमाशंकर यादव आदि उपस्थित थे।