सुहवल(गाजीपुर)। रेवतीपुर नवयुवक संघ के तत्वावधान में नेहरु विद्यापीठ इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित 55वीं अंतर प्रांतीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार की शाम रेवतीपुर और उसिया के बीच खेला गया। इसमें गत उपविजेता एवं मेजबान रेवतीपुर की टीम ने उसिया को 2-0 से पराजित कर अंतर प्रांतीय प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमा लिया।
मध्यांतर से पहले मैच के 33वें मिनट में रेवतीपुर के मनोज यादव ने गोलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मैच में बराबरी करने के लिए उसिया की टीम ने काफी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। मध्यांतर तक रेवतीपुर ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। उसके बाद शुरू हुए मुकाबले में उसिया ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के 79वें मिनट में रेवतीपुर के मनोज यादव ने एक और गोल कर टीम को 2-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। मैच समाप्त होने पर रेवतीपुर ने 2-0 से जीत दर्जकर प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा कर लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि बलिया के सांसद भरत सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया। मैन आफ दी सिरीज उसिया के शशिकांत तथा मैन आफ द मैच के रूप में रेवतीपुर के गोलकीपर धुरेन्द्र यादव का चयन किया गया। इस मौके पर समाजसेवी सचितानंद राय चाचा, अपर जिला जज अनिल पांडेय, वाराणसी मंडल के आरएसओ/ मंडलीय क्रीड़ाधिकारी भगवान राय, अरविन्द किशोर राय, राजेश राय, वरिष्ठ अधिवक्ता जयनारायण राय, ब्लाक प्रमुख मुकेश राय, अजय सिंह, प्रीतम तिवारी, लालबहादुर सिंह, उपेंद्र कुमार शर्मा, चंदन सिंह यादव, सचिदानंद पांडेय, झल्लन राय, बद्रे आलम, भोलानाथ राम, विश्वजीत राय, मोनू राय, नीरज आदि उपस्थित थे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान रेवतीपुर के थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने संभाल रखी थी। मैच में निर्णायक की भूमिका संतोष कुमार पांडेय एवं उद्घोषक की भूमिका प्रदीप राय बड़े ने निभाई।