गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय और स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए चार अक्तूबर को होने वाले नामांकन को लेकर पुलिस प्रशासन काफी गंभीर है। एक तरफ जहां कॉलेजों के आसपास बैरिकेडिंग रहेगी, वहीं पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुस्तैद रहेंगे। छात्र नेताओं के जुलूस और उनके समर्थकों की तस्वीर वीडियो कैमरे में कैद की जाएगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छात्रसंघ चुनाव संकुशल संपन्न कराना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती होती है, क्योंकि अधिकांश ऐसा होता रहा है कि छात्र हंगामा के साथ ही मारपीट की घटनाएं करते रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव के लिए चार अक्तूबर को होने वाले नामांकन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने एक दिन पूर्व रणनीति तैयार कर ली। इस संबंध में सदर क्षेत्राधिकारी महिपाल पाठक ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन काफी गंभीर है। आज होने वाले नामांकन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सारी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। छात्र नेताओं द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर निकाले जाने वाले जुलूस के मद्देनजर सौ पुलिस, चीता दस्ता के सात ही पुलिस अधिकारी लगातार चक्रमण करते रहेंगे। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस भी लगातार घूमती रहेगी, ताकि कहीं भी आवागमन में अवरोध उत्पन्न होने पर यातायात सुचारु कराई जा सके। इसके अलावा कॉलेजों के अंदर के साथ ही बाहर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के साथ ही पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। नामांकन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए एक दर्जन थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। दोनों क्रॉलेजों पर फायर के वाहन के साथ कर्मी मौजूद रहेंगे। नामांकन के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने से पुलिस सख्ती से निपटेगी। छात्र नेताओं के जुलूस और उनके समर्थकों की तस्वीर वीडियो कैमरे में कैद की जाएगी, ताकि कोई विवाद होने पर बाद में उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।