गाजीपुर। दीपावली के अवसर पर सोमवार को जिले के विभिन्न स्कूलों में रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें प्रतियोगियों ने एक से एक रंगोलियां बना कर लोगों की वाहवाही बटोरी। विजेताओं को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया।
तूलिका पब्लिक स्कूल में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा तीन से लेकर 12 तक के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगोलियां बनाई। निदेशक सौरभ उपाध्याय ने विजेता टीमों का उत्साहवर्धन किया। भाग्यवती पब्लिक स्कूल मदनहीं में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में एक से आठ तक के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें कलाम हाउस प्रथम, रमन हाउस द्वितीय तथा अरविंदो हाउस तृतीय स्थान पर रहा। प्रधानाचार्य धर्मराज चौबे ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से प्रतिभा में निखार आता है। इस मौके पर शकील सर, ओमप्रकाश गिरी आदि मौजूद रहे।
दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार सेंट जेवियर स्कूल में दीवाली पर्व को लेकर विद्यालय में बोर्ड डेकोरेशन ऽदिया बनाओ प्रतियोगिताऽव रंगोली सजाओ प्रायोगिता का आयोजन सोमवार को आयोजित किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें एमरल्ड हाउस, टोपाज हाउस, कोरल हाउस, सफायर हाउस ने एक से बढ़कर एक कलाकारी तथा दृश्य बनाकर भाग लिया। विद्यालय की तरफ से मुख्य अतिथि वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष डाक्टर शरद कुमार वर्मा को स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डाक्टर वर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है। ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन समय-समय पर कराया जाना चाहिए। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एमरल्ड हाउस, द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से सफायर और टोपाज हाउस तथा तृतीय स्थान कोरल हाउस को मिला। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक डाक्टर अरुणेश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य वीणा सिंह, डा विनोद ,नौशाद खां आदि लोग मौजूद रहे।