गाजीपुर। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले को दो अक्तूबर तक खुले में शौचमुक्त करने के लिए तथा स्वच्छ सर्वेक्षण एवं वृहद स्वच्छता अभियान के परिप्रेक्ष्य में नुक्कड़ नाटक, लोक संगीत-क्षेत्रीय लोकगीत आदि का कार्यक्रम ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कराने के संबंध में गुरुवार को विकास भवन परिसर में प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर कई स्थानों के कलाकारों ने अपनी-अपनी कला का प्रदर्शन भी किया।
मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने बताया कि शौचालय के उपयोग के लिए जागरूकता, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के लिए गीत-संगीत, लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जिले के सभी विकास खंडों में (प्रत्येक विकास खंड में एक-एक) कुल-16 टीमें भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि गांव में घूम-घूम कर खुले में शौच से मुक्त के बारे में प्रचार-प्रसार कर उन्हें शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि माह सितंबर तक किसी भी दशा में लक्ष्य के सापेक्ष जिले को हर हाल में (ओडीएफ) खुले में शौच मुक्त कराना है।