मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। कर्मचारी शिक्षक अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच की ओर से चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के पांचवें दिन बुधवार को क्षेत्र पंचायत मुहम्मदाबाद के परिसर में कर्मचारियों एवं शिक्षकों की बैठक हुई। इसमें पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग को लेकर नौ अगस्त को होने वाले विकास भवन के घेराव को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई।
विकास खंड के सभागार में आयोजित सभा में मंच के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता एवं कर्मचारी शिक्षक विरोधी नीति के कारण प्रदेश का संपूर्ण कर्मचारी समाज सड़क पर उतरने को विवश हो गया है। मंच के संयोजक अंबिका प्रसाद दुबे ने चेतावनी दी कि इस बार सरकार को हमारी न्याय संगत मांग पूरी करनी ही होगी। उन्होंने कहा कि रेलवे एवं केंद्रीय कर्मचारियों के महागठबंधन का समर्थन भी हासिल हो गया है। अब सात मान्यता प्राप्त कर्मचारी, शिक्षक एवं अधिकारी संगठनों के महाहड़ताल में शामिल हो जाने से उनके साथ मिलकर हम लोग सरकार की समस्त योजनाएं ठप कर देंगे। सभा में ओमप्रकाश यादव, जितेन्द्र यादव, श्याम सिंह, मिश्री लाल, पवन कुमार पांडेय, चन्द्रिका यादव, रमेशचन्द्र, ओमप्रकाश यादव, श्यामबिहारी यादव, राजीव कुमार ओझा, तिलकधारी यादव, ईश्वरचन्द्र राय, सईदुल्लाह अंसारी, रजनीकांत पाण्डेय, सुनील कुमार राय, अंजनी गुप्ता, अमरनाथ यादव आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता सुरेन्द्र कुमार सिंह एवं संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिला मंत्री सूर्यभान राय ने किया।