गाजीपुर। पिछले चार दिनों से हुई बारिश की वजह से जलजमाव और कीचड़ के कारण कई मार्गों पर चलना दूभर हो गया है। ऐसे में नगर के साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश सड़कों की सूरत खराब हो गई है। पानी जमा होने और कीचड़ फैलने की वजह से आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे खराब हालत निर्माणधीन मार्गों की है। इससे होकर गुजरने वाले लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है।
बीते रविवार को लगातार घंटों जोरदार बारिश होती रही। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं सड़कों पर पानी का जलजमाव आफत बन फैल हुआ था। नगर की तमाम सड़कों पर कीचड़ और जलजमाव बरकरार है। सबसे खराब स्थिति गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर आलमपट्टी मुहल्ला के पास की है। बारिश के दौरान मार्ग पर दो से ढाई फीट तक पानी लग जा रहा है। मंगलवार को भी रिमझिम बारिश के बीच यहां पानी लगा रहा और आवागमन करने वाले लोग परेशानी उठानी पड़ी। नगर से मिश्रबाजार से सुजावलपुर जाने वाले मार्ग के निर्माण के नाम पर नगरपालिका द्वारा महीनों से खुदाई कराकर छोड़ा गया था। बारिश के बाद मार्ग पर पानी और कीचड़ फैला हुआ है। इससे मुश्किलों के बीच लोग आवागमन करने को विवश हैं। सेवराई संवाददाता के अनुसार सतरामगंज बाजार में मार्ग पर तीसरे दिन भी पानी लगा रहा। इससे आवागमन करने वाले लोग परेशान रहे। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार दिलदारनगर-भदौरा मार्ग पूरी तरह से खस्ताहाल है। बारिश के बीच तीसरे दिन भी पानी फैला रहा, जिससे आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने के दौरान आवागमन करने वालों गंदे पानी की छींटा पड़ता रहा। सुहवल संवाददाता के अनुसार ताड़ीघाट-बारा मार्ग मेदिनीपुर गांव के सामने मार्ग पर कीचड़ फैला हुआ है। चारपहिया वाहन सवार तो निकल जा रहे हैं, लेकिन बाइक सवारों की काफी फजीहत हो रही है। कई बाइक सवार निकलने के दौरान फिसलकर गिर जा रहे हैं। पैदल आवागमन करने वाले मजबूरीवश कीचड़ के बीच से आवागमन करने को विवश हैं।
तीसरे दिन भी गड्ढे में फंसा रहा ट्रक
दिलदारनगर। दिलदारनगर-भदौरा मार्ग पूरी तरह से खराब हो गया। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे मौजूद है। बीते रविवार को हुई जोरदार बारिश के बाद मार्ग पर मौजूद गड्ढों में पानी भर गया है। रविवार को दोपहर गड्ढे के बीच से निकलने के दौरान एक गिट्टी लगा ट्रक रक्सहा गांव के सामने फंस गया। इससे मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध हो गया। तीसरे दिन मंगलवार को भी ट्रक को मार्ग से हटाया नहीं जा सका। फंसे ट्रक के बगल से अन्य चारपहिया वाहन किसी तरह से निकल रहे हैं। लोग इस बात से चिंतित थे कि यदि फंसे ट्रक के बगल से निकलने के दौरान कोई दूसरा वाहन फंस गया तो मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो जाएगा। चालक फंसे ट्रक को निकालने के प्रयास में लगा रहा, लेकिन गिट्टी लदा रहने की वजह से नहीं निकल पा रहा था।