मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। तहसील विधिक सेवा समिति मुहम्मदाबाद के तत्वावधान में सोमवार को ग्राम पंचायत सिलाइच के ग्राम मानिकपुर में जन जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें बच्चों के अधिकार विशेष रूप से बच्चों के लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम 2012 तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराध विषय पर उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया और विधिक जानकारी दी गई।
तहसील विधिक सेवा समिति मुहम्मदाबाद के अध्यक्ष सिविल जज जूनियर डिवीजन सुनील कुमार ने कहा कि आज सर्वाधिक महिलाओं एवं बच्चों के साथ लैंगिक अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए लोगों के अंदर संस्कार के साथ-साथ विधिक ज्ञान की जरूरत है। उन्होंने बच्चों एवं महिलाओं के साथ होने वाले अपराध की विकृतियों, उनसे होने वाले नुकसान, उसके रोक थाम एवं अपराध करने वालों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की। तहसील विधिक सेवा समिति के सचिव तहसीलदार रामाश्रय ने बच्चों के साथ बढ़ रहे यौन अपराध रोकने के लिए समाज के लोगों को आगे आने की अपील करते हुए ऐसे अपराध में संलिप्त लोगों को सजा दिलाने के साथ ही उन्हें समाज से बहिष्कृत करने की आवश्यकता पर बल दिया। जागरूकता शिविर में ब्लाक प्रमुख रामकृत सिंह यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बृजलाल यादव, रजिस्ट्रार कानूनगो हृदयनारायन, राजस्व निरीक्षक फूलचंद्र मौर्य, ग्राम प्रधान बिहारी यादव, अमरनाथ, सुभाष यादव, दयाशंकर दुबे, ग्राम पंचायत अधिकारी सूर्यभान कुमार राय, योग टीचर मुलायम आदि उपस्थित थे।