गाजीपुर। बिरनो थाने के जयरामपुर बिठौरा गांव के कोटेदार की मनमानी से ग्रामीण आजिज आ गए हैं। मंगलवार को गांव वाले बड़ी संख्या में एकजुट होकर सीआरओ कार्यालय पहुंचे तथा उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए उसके खिलाफ जांच की मांग की। इसके पहले भी ग्रामीण एसडीएम से मिले थे और शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोटेदार पर मनमानी करने तथा नियमित राशन न बांटने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उसका कोटा निरस्त करते हुए कोटेदार को नहीं बदला गया तो बड़े आंदोलन करेंगे।
जयरामपुर बिठौरा गांव में कोटे की दुकान बाल कुमार के नाम से आवंटित है, लेकिन इसकी देख-रेख उसका भाई मदन राम करता है। यहां कार्डधारकों को नियमित राशन नहीं मिल रहा है। कई पात्रों के नाम भी कार्ड से गायब हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय योजना के तहत सूची के कार्डधारकों को गेहूं, चावल, केरोसिन आदि का वितरण माह में नहीं किया जा रहा है। इस बाबत पूछे जाने पर वह ठीक से जवाब तक नहीं देता है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शुरूआत में ग्रामीण इसकी शिकायत क्षेत्रीय और जिला पूर्ति निरीक्षक से करते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 13 जून को भी ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मिल कर लिखित शिकायत की। चारों ओर से थक हार कर आज ग्राम प्रधान सिकंदर राम के नेतृत्व में ग्रामीण मुख्य राजस्व अधिकारी के पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर कोटेदार को नही बदला गया तो अब आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर नन्हें अंसारी, केदार गुप्ता, कैलाश, जवाहर, सीताराम, रामजन्म पाल, रामजीत, फैज अंसारी उमाशंकर आदि मौजूद रहे।