उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान और सहकारिता राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी शनिवार को सायंकाल जिलाधिकारी के बाला जी की उपस्थिति में लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। कहा कि उप्र सरकार की नीतियों में प्रदेश का गांव गरीब किसान और महिलाएं महत्वपूर्ण हैं। इनके कल्याण के लिए जारी योजनाओं का सही से क्रियान्वयन होना हम सभी की पहली प्राथमिकता है।
भूमि सुधार योजना के लिए चयनित गावों की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी भूमि संरक्षण अधिकारी से लेते हुए कहा कि मनिहारी, ददरा, टिसौरी, मौधियां, खड़हरा, बरहट आदि गांवों के कुल 752 हेक्टेयर भूमि को जल्द से जल्द सुधार कराने करें। जल प्रयोग समिति, महिला समूहों के गठन पर विस्तार से जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि भूमि सुधार निगम द्वारा महिलाओं के उद्यम विकास योजना को शत-प्रतिशत लागू करके पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ दिया जाए। श्री तिवारी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि गरीबी उन्मूलन में सहयोग करने के लिए सरकार के सभी योजनाओं को सतह पर कराना सरकार की प्राथमिकता है। जिला उद्यान अधिकारी से जनता के जन जागरण के लिए चलाए गए संगोष्ठी और मेले आदि का विवरण लिया। उन्होंने जिला वनाधिकारी से विभागीय स्थिति की जानकारी लेते हुए अवैध वसूली आदि की गहन जांच करने तथा बहुत दिनों से एक ही जगह स्थापित अधिकारियों के कार्य प्रणाली को भी जांचने को कहा। इस अवसर पर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, भाजपा जिला मंत्री प्रवीण सिंह, अच्छे लाल गुप्ता, रासबिहारी राय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।