सुहवल (गाजीपुर)।
शौर्य चक्र एवं युद्ध सेवा पदक प्राप्त शहीद कर्नल एमएन राय की तीसरी पुण्यतिथि शनिवार को उनके पैतृक गांव डेढ़गांवा में मनाई गई। 39 जीटीसी वाराणसी के कमांडेंट ब्रिगेडियर एसए रहमान शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सैन्य दस्ते के जवानों ने मातमी धुन बजाकर उनकी शहादत को सलाम किया।
सेना की ओर से श्रीकृष्ण इंटर कालेज के आधा दर्जन छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि दर्ज करने पर पुरस्कृत किया गया। साथ ही उधरनपुर गांव निवासी विनय पटेल को सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर शहीद की पत्नी प्रतिमा राय ने खेल सामग्री प्रदान कर प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि एवं 39 जीटीसी वाराणसी के कमांडेंट ब्रिगेडियर एसए रहमान ने कहा कि 26 जनवरी 2015 को लाल किला से उनकी देश सेवा भावना और अदम्य साहस को देखते हुए युद्ध सेवा मेडल शौर्य चक्र देने की घोषणा की गई लेकिन अगले ही दिन 27 जनवरी को कश्मीर के पुलवामा के त्राल सेक्टर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए। जनपद की इस धरती को बार-बार नमन, जिसने ऐसा वीर योद्धा दिया। इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण पुनर्वास अधिकारी देवी शंकर सिंह, शहीद के बड़े भाई कर्नल धीरेंद्रनाथ राय, सेवराई एसडीएम एसपी श्रीवास्तव, शहीद की मां शिवदुलारी, शहीद के भाई एनएसजी में डीआईजी यतिंद्रनाथ राय, शहीद की पत्नी प्रियंका राय आदि मौजूद रहीं। अध्यक्षता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामनगीना राय और संचालन श्रीकृष्ण इंटर कालेज डेढगांवा प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार राय ने किया।