नंदगंज। सन फ्लावर कांवेंट स्कूल में क्रिसमस पर्व के अवसर पर चित्रकला एवं शिल्प कला प्रदर्शनी का आयोजन सोमवार को किया गया। शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक पुष्पा यादव ने दीप प्रज्जवलन कर किया। प्रदर्शनी में कक्षा प्रथम से चतुर्थ तक के बच्चों की ओर से विभिन्न प्रकार के हस्तकौशल का प्रदर्शन किया गया। चित्रकला प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने सफाई, पानी बचाओ-पेड़ बचाओ, बिजली बचाओ, हरी सब्जियों के सेवन आदि के लिए अभिभावकों को जागरूक किया।
बच्चों ने बताया कि हम किस प्रकार अपने घरों में सौर ऊर्जा और विंड मिल का छोटा पॉवर प्लांट लगाकर बिजली की बचत कर सकते हैं। शिल्पकला प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने बताया कि किस प्रकार घर पर बेकार पड़ी चीजों का उपयोग करते हुए अपने घर को सजाया जा सकता है। इसमें बच्चों ने बेकार पॉली बैग से फ्लावर्स, माचिस की खाली डिब्बियों से अतिथि कक्ष की छवि, आईसक्रीम स्टिक से खूबसूरत जल जहाज, थर्माकोल के डिस्पोजल से सीनरी आदि का प्रदर्शन करते हुए अपने हुनर को दिखाया और दर्शकों को जागरूक भी किया। कक्षा नर्सरी से यूकेजी के छात्र-छात्राओं की तरफ से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंत में विद्यालय की प्रबंधक पुष्पा यादव ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष यादव, को-आर्डिनेटर संध्या सिंह, नीलम यादव, डीके सिंह, हिना, अर्चना, जया, स्वाति, मंजू, हमीदा, जूही, संगीता, ममता, रंजना, अनीता, प्रियंका आदि उपस्थित थीं।