गाजीपुर। जिलाधिकारी के बालाजी ने मंगलवार को मुहम्मदाबाद ब्लाक परिसर में भारत सरकार के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने कैंटीन के संचालन पर स्वयं सहायता समूह को बधाई दी। कैंटीन से ब्लाक परिसर में आए आम नागरिकों, कर्मचारियों एवं रोजगार सेवकों के लिए उचित मूल्य पर शुद्ध जलपान की व्यवस्था होगी।
समूह के सदस्य जो अपनी कार्य योजना को आगे बढ़ाने के लिए इच्छुक होंगे उनके लिए बैंकों से ऋण लेने संबंधी जो भी समस्या आएगी उसका समाधान किया जाएगा, जिससे महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक क्षेत्र में मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा प्रेरणा कैंटीन हर ब्लाक, अस्पताल में भी खोलने के लिए पहल हो। अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूह को जोड़ने का प्रयास हो। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश यादव, परियोजना निदेशक विजय प्रकाश वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्या, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे, खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, सचिव सूर्यभानू कुमार राय एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्य उपस्थित थे।