करंडा (गाजीपुर)। जाल में फंस चुके शातिर अपराधियों के फिसल जाने से पुलिस हाथ मलती रह जा रही है। यहीं वजह है कि पास-पड़ोस के जिलों और प्रांत में अभी तक टीम ने डेरा जमाया हुआ है। जबकि आरएसएस कार्यकर्ता-पत्रकार राजेश मिश्रा हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग बनी टीमों मेें कामयाबी पाने के लिए होड़ लगी हुई है। इधर एसटीएफ भी अपना जाल फेंककर बदमाशों को लपकने के फिराक में है। लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
हत्याकांड का पर्दाफाश करना अब धीरे-धीरे पुलिस के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। घटना के करीब 14 दिन बीत जाने के बाद भी न तो हत्या के कारण पता कर सकी और न ही हत्यारों की तलाश कर पाई। पुलिस सूत्रों की मानी जाए तो आस-पास के प्रांत और जिलों में टीम की जाल में फंस चुका शातिर अपराधी फरार होने कामयाब रहा। यहीं नहीं डेरा जमाए इन पुलिस टीमों के लिए भी हत्यारों तक पहुंचने में होड़ लगी हुई है। हत्यारों को पकड़ने के लिए होड़ भी इसलिए की इस कांड की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक दिन शाम में पुलिस अधीक्षक को देनी है। हत्यारों की तलाश में अपनी पूरी ताकत झोंक चुके पुलिस अधिकारी भी इसका पर्दाफाश करने के लिए काफी परेशान है। इसके बावजूद भी इनकी टीमों के द्वारा कोई कामयाबी हासिल नहीं की गई है। इधर घटना का खुलासा और हत्यारोपियों की धरपकड़ के लिए लगी वाराणसी यूनिट की एसटीएफ टीम जांच और छापेमारी करने के बाद शांत दिखाई दे रही है। घटना के दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी इन्हें अभी तक इस हत्याकांड में कोई सफलता नहीं मिल पाई है। इस संबंध में सीओ हृदयानंद सिंह ने बताया कि जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश हो जाएगा। टीम लगातार हत्यारोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है।