बिना टिकट यात्रियों एवं अवैध टिकट यात्रियों के खिलाफ चले अभियान में बुधवार को 74 व्यक्ति पकड़े गए। उनसे 48750 रुपये
की किराया जुर्माना राशि वसूल की गई। अवैध रेल यात्रियों के खिलाफ बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के सहायक वाणिज्य प्रबंधक एके सुमन एवं मंडल वाणिज्य निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक एके मुखर्जी के नेतृत्व में औड़िहार जंक्शन को आधार बनाकर जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान में विभिन्न ट्रेनों में बिना टिकट एवं अविधिक (सामान्य टिकट लेकर एक्सप्रेस ट्रेन के शयनयान, सामान्य टिकट पर एक्सप्रेस ट्रेन में) यात्रा कर रहे 74 लोगों को पकड़ा गया। इसमें सभी लोगों से समन शुल्क (जुर्माना) की 48750 रुपये की वसूली की गई। रेलवे द्वारा चलाए गये इस अभियान में लगभग एक दर्जन यात्री ट्रेनों को चेक किया गया। इस अभियान में लगभग डेढ़ दर्जन टिकट परीक्षक और 3 दर्जन रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे। रेलवे के इस बड़े अभियान से अवैध यात्रियों और अवैध वेंडरों में हड़कंप मचा रहा।