मुहम्मदाबाद। बाल विकास परियोजना कार्यालय मुहम्मदाबाद के प्रधान सहायक के नहीं रहने से कामकाज बाधित हो रहा है। गांव से अपने कार्यो को लेकर कार्यालय आने वाले लोगों को प्रधान सहायक के न रहने पर निराश होकर वापस जाना पड़ रहा है।
बाल विकास परियोजना कार्यालय प्रधान सहायक मनोज कुमार सिंह को जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से मनिहारी ब्लाक का अतिरिक्त प्रभार दे देने से मुहम्मदाबाद का कार्य प्रभावित हो रहा है। पूर्व जिला कार्यक्रम अधिकारी ने श्री सिंह की बिरनो ब्लाक की संबद्धता समाप्त कर बाल विकास कार्यालय मुहम्मदाबाद में उपस्थित रहकर कार्य संपादित करने का निर्देश दिया था लेकिन उनके जाते ही अपने राजनीतिक रसूख का प्रयोग कर नये जिला कार्यक्रम अधिकारी अमरनाथ मौर्य से पिछले 22 अगस्त को मनिहारी ब्लाक का अतिरिक्त प्रभार प्राप्त कर लिया। आये दिन जिला मुख्यालय एवं मनिहारी ब्लाक पर जाने का बहाना बनाकर श्री सिंह मुहम्मदाबाद कार्यालय से गायब रहते हैं। इससे कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी वृन्दा सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर प्रधान सहायक मनोज कुमार सिंह को मनिहारी ब्लाक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर मुहम्मदाबाद में कार्य करने का अनुरोध किया है। अपने पत्र में श्रीमती सिंह ने कहा है कि मनोज कुमार सिंह ने अपने निजी लाभ के लिए मुहम्मदाबाद से काफी दूर मनिहारी का भी अतिरिक्त प्रभार प्राप्त कर लिया है। जबकि मुहम्मदाबाद के आसपास के विकास खण्डों भांवरकोल, बाराचवर या रेवतीपुर से संबद्ध कर दिया जाए तो वह वहां जाकर भी इनसे आवश्यक कार्य करा लेती।
....