पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में चार ब्लाकों में होने वाले चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच का काम गुरुवार को संपन्न हो गया। इस दौरान संबंधित विकासखंडों में प्रधान पद के 3 और सदस्य पद के 62 सहित कुल 65 पर्चे खारिज किए गए। जांच के कार्य के चलते ब्लाकों पर गहमा-गहमी रही।
पंचायत चुनाव जिले में चार चरणों में कराया जा रहा है। 1237 ग्राम पंचायत एवं 15667 ग्राम पंचायत वार्डों के चुनाव में दो चरणों की नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। तीसरे चरण में बिरनो, करंडा, मरदह एवं देवकली विकासखंड की
44 न्याय पंचायतों की 277 ग्राम पंचायतों एवं 3497 वार्डों के लिए 5 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच का काम पूरा कर लिया गया। चार ब्लाकों में प्रधान पद के लिए 1983 एवं सदस्य पद के लिए
2965 नामांकन हुए थे। बिरनो संवाददाता के अनुसार, निर्वाचन अधिकारी इन्द्रसेन सरोज ने बताया कि प्रधान के 56 पद के लिए 485 नामांकन दाखिल हुए थे। जांच में कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ है। जबकि सदस्य के 732 पद के लिए 824
में से 22 पर्चे खारिज होने के बाद 802 उम्मीदवार हैं। करंडा संवाददाता के अनुसार, निर्वाचन अधिकारी एसके वर्मा के अनुसार प्रधान के 52 पद के लिए एक पर्चा जांच में खारिज होने के बाद 414 एवं सदस्य के 660 पद पर दाखिल 545
नामांकन में से 25 पर्चे खारिज होने के बाद 521 प्रत्याशी हैं। मरदह संवाददाता के अनुसार, निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि प्रधान के 63 पद के लिए 547 नामांकन में से 1 खारिज होने के बाद 546 तथा सदस्य के
819 पद के लिए दाखिल 860 में से 15 पर्चे खारिज होने के बाद 845 प्रत्याशी हैं। देवकली संवाददाता के अनुसार निर्वाचन अधिकारी सुभाषचन्द्र यादव के अनुसार प्रधान के 106 पद पर 536 में से 1 खारिज होने पर 535 तथा सदस्य के
1286 पद के लिए 736 में से 1 पर्चा खारिज होने के बाद 735 उम्मीदवार हैं। शुक्रवार को उम्मीदवारी वापस लेने के साथ ही प्रत्याशियों को प्रतीक चिन्ह का आवंटन किया जाएगा।