आबकारी विभाग द्वारा पकड़ा गया ट्रक। स्रोत- आबकारी विभाग
गाजीपुर। बिहार में तस्करी के लिए ट्रक में चिप्स, कुरकरे और खाद की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे पंजाब निर्मित 617 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। यहीं नहीं ट्रक को डिजिटल लॉक करके चालक भाग गया। मंगलवार की रात नसीरपुर बेलवा मोड़ पर चेकिंग के दौरान आबकारी व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। तस्करों ने बिहार में स्कैनर से बचने के लिए ट्रक की बाॅडी के अंदर साइड में लकड़ी से खोखली जगह बनाकर उसमें चिप्स कुरकुरे के पैकेट भरे कार्टून में शराब भर दिया गया। ट्रक के पीछे के भाग में लकड़ी की एक दीवार बना जैविक खाद की बोरियां रखी थी।आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि डीएम अविनाश कुमार और एसपी डा. ईरज राजा के निर्देशन में शराब तस्कर के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आबकारी एवं पुलिस टीम संयुक्त रूप से नसीरपुर बेलवा मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर से खड़े ट्रक को चेक किया गया तो अंदर से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 617 पेटियां बरामद हुईं। इधर, अंधेरे का फायदा उठाकर चालक ट्रक को डिजिटल लॉक लगाकर भाग गया। छानबीन में पता चला कि बिहार राज्य में स्कैनर मशीन से बचने के लिए ट्रक की बाॅडी के अंदर साइड में लकड़ी से खोखली जगह बनाकर उसमें चिप्स कुरकुरे आदि के पैकेट कार्टून में रखे गए थे। इससे स्कैन करने पर शराब की शीशियों की जानकारी नहीं हो पाती। यहीं नहीं ट्रक के पीछे के भाग में पेटियों के बाद लकड़ी की एक दीवार बनाकर जैविक खाद की बोरियां रख दी गई थी, जिससे स्कैनिंग जांच को धोखा देकर तस्कर शराब की खेप पहुंचा सके। आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक की आरसी की जांच करने पर वाहन स्वामी का नाम राजस्थान प्रांत के झालावाड़ निवासी बालू सिंह सिसोदिया नाम मिला। आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि वाहन स्वामी बालू सिंह सिसोदिया और फरार अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर जांच की जा रही है।