जमानिया तहसील में बैठक को संबोधित करते ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष
- फोटो : 1
जमानिया। कोटेदारों की बैठक बुधवार को तहसील परिसर में हुई। इसमें तीन सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की गई। मांगें पूरी न होने की स्थिति में पांच दिसंबर को ई-पॉस मशीन जिलापूर्ति कार्यालय में जमा करने का निर्णय लिया गया। ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष राम अकबाल ने कहा कि पूर्व में सौंपे गए मांग पत्र पर सरकार की ओर से न तो विचार हुआ और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया। उन्होंने कहा कि विवश होकर कोटेदारों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष अकरम खां ने कहा कि प्रदेश सरकार कोटेदारों को मात्र 90 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन देती है, जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि संघ लगातार मांग कर रहा है कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी कोटेदारों को 30,000 रुपये मिनिमम इनकम गारंटी और 300 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन दिया जाए। उन्होंने कहा कि ई-पॉस मशीन जमा हो जाने से खाद्यान्न वितरण पूरी तरह ठप हो जाएगा। झूठे आश्वासनों से कोटेदार अब उब चुके हैं। इस मौके पर जय गोविंद, विजय नारायण, कृपाशंकर, विजय सिंह, अनिल कनौजिया आदि मौजूद रहे।