गाजीपुर। भाजपा प्रत्याशी मनोज सिन्हा तथा जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को बसपा के पूर्व मंडल को-आर्डिनेटर शैलेष कुमार के साथ कई लोगों ने शास्त्रीनगर स्थित केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर भाजपा की सदस्यता हासिल की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने माल्यार्पण तथा पार्टी पट्टा पहनाकर सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि पांच वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो काम गाजीपुर में हुआ है। इसके कारण अब जाति, धर्म एवं संप्रदाय की राजनीति इस जिले से समाप्त हो रही है। विकास की राजनीति को समाज के लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने तय किया है कि बाहुबल की राजनीति को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। जिले को विकास की राजनीति पर ले जाने के लिए अन्य दलों के बहुत से साथी लगातार भाजपा से जुड़ रहे है। शैलेष कुमार ने कहा कि भाजपा तथा श्री सिन्हा के नेतृत्व में जिले तथा देश-प्रदेश के विकास की एक लहर चली है। इस अवसर पर लोकसभा के संयोजक प्रभुनाथ चौहान, प्रवीण सिंह, चतुर्भुज चौबे, मनोज सिंह, राजेश चौहान, निमेष पांडेय, लालबहादुर पांडेय, शशिकांत शर्मा आदि उपस्थित थे।