गाजीपुर। जिलाधिकारी के बालाजी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित राजेश गन हाउस पर अचानक छापा मारा। इस दौरान इन्होंने लाइसेंसी बंदूक की दुकान के अभिलेखों की जांच -पड़ताल की और कारतूसों की बिक्री से लेकर असलहों के जमा करने तक की पूरी जानकारी ली। इससे आसपास के गनहाउस व दुकानों में हड़कंप मचा रहा।
जिलाधिकारी के बालाजी ने कारतूसों की बिक्री के बाबत समुचित जवाब न मिलने पर दुकान मालिक को कड़े तेवर में जल्द से जल्द रिकार्ड पेश करने के निर्देश दिए। साथ ही रजिस्टर और कुछ कारतूस जांच के लिए सीज किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां कचहरी क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही, वहीं शस्त्र विक्रेताओं के बीच अफरा -तफरी का माहौल रहा। अफसरों के जांच के दौरान सदर एसडीएम सत्यप्रिय सिंह, सीओ डा. तेजवीर सिंह समेत कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्रा मौजूद रहे।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन भरपूर सर्तकता बरत रहा है। इन दिनों सड़कों पर सघन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, अपराधियों की धर-पकड़ तेज है। ऐसे में असलहा विक्रेताओं पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।