गाजीपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शहर के साथ ही जिले के विभिन्न कसबों तथा ग्रामीण इलाकों में अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने शनिवार को स्थानीय प्रशासन, पुलिस के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान रास्ते में ठेले, खोमचे के साथ ही दुकानदारों को अतिक्रमण न करने तथा वाहनों को बेतरतीब न खड़ा कराने की चेतावनी भी दी गई। शनिवार की दोपहर अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने फ्लैग मार्च शुरू किया। लंका से सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज, रौजा, मुस्तफाबाद तिराहा, तुलसिया पुल, नखास, नबाबगंज, चीतनाथ, टाऊनहाल, लाल दरवाजा होते हुए कोतवाली तक मार्च किया। कोतवाली से मिश्रबाजार, महुआबाग, कचहरी तक गए। इस दौरान उनके साथ सदर एसडीएम सत्यप्रिय सिंह, सीओ डा. तेजवीर सिंह, कोतवाल धनंजय मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। जमानिया संवाददाता के अनुसार, अर्द्धसैनिक बल के जवानों का फ्लैग मार्च कोतवाली से शुरू होकर कस्बा बाजार, दुरहिया, हरपुर, मतसा, जीवपुर, देवरिया, रेलवे स्टेशन होते हुए राजकीय बालिका इंटर कालेज पहुंच कर संपंन हुआ। प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव और आगामी होली पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। सीओ कुलभूषण ओझा ने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी ने भी फिजां बिगाड़ने अथवा चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया तो पुलिस उससे अपने तरीके से निबटेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।