कासिमाबाद। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के विकास का प्रमुख स्तंभ साबित होगा। एक्सप्रेस-वे 24 माह में बनाकर हर हाल में जनता को समर्पित करूंगा। यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बुढ़नपुर गांव के पास महमूदपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कही। मुख्यमंत्री शाम को लगभग 3.20 पर कार्यदाई संस्था द्वारा बनाए गए हेलीपैड पर उतरे। कुल 15 मिनट निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए अपनी समीक्षा पूरी की। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि 15 जून तक यूपी एक्सप्रेस वेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) को जमीन का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे के निर्माण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिट्टी की खुदाई एक्सप्रेस-वे के आसपास के तालाबों, पोखरे, ताल आदि से मिट्टी निकाली जाएगी। कार्यदाई संस्था अगर किसी किसान से मिट्टी लेता है तो उसके लिए अधिकारी तत्काल प्रभाव से अनुमति देते हुए किसान को उचित मूल्य दिलवाकर खुदाई करवाएंगे। एक्सप्रेस-वे के अंदर कोई मंदिर, स्कूल या भवन आदि पड़ते हैं तो उसको तत्काल प्रभाव से दूसरी जगह शिफ्ट कराए जाएंगे। पेड़ों की कटाई के संबंध में बताया कि वन विभाग तत्काल प्रभाव से अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करेगा। विद्युत खंभों की शिफिटंग भी तत्काल प्रभाव से प्रारंभ हो गई है। एक्सप्रेस-वे के बन जाने से नौजवानों को रोजगार का अवसर तो मिलेगा ही यह सबसे बड़ा औद्योगिक गलियारा साबित होगा। इस एक्सप्रेस-वे से बलिया और बक्सर को नेशनल हाईवे-19 से जोड़ते हुए जोड़ा जाएगा। एक्सप्रेस-वे बिहार और बलिया से जुड़कर लखनऊ होकर भारत की राजधानी पहुंचने का प्रमुख केंद्र होगा। यह एक्सप्रेस-वे प्रारंभ में छह लेन का बनाया जाएगा। जिसे बाद में चलकर इसे आठ लेन में कर दिया जाएगा। एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ प्रमुख मार्गों को जोड़ने के लिए सर्विस लेन का भी निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, आईजी जोन वाराणसी, उप जिलाधिकारी कासिमाबाद मंशाराम वर्मा, उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद रमेश यादव, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद चंद्रपाल शर्मा के साथ यूपीडा, कार्यदाई संस्था ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग से जुड़े तमाम अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।