मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। भांवरकोल विकासखंड के ग्रामसभा शेरपुर कला में मंगलवार की रात में अष्ट शहीद विराट कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल में कमालपुर की टीम ने लालूपुर को 26-15 के अंतर से हराकर शील्ड पर कब्जा जमा लिया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल सकडेहरी और लालूपुर के बीच खेला गया जिसमें लालूपुर 14-7 से विजयी रहा। दूसरा सेमीफाइनल कमालपुर और परसूपुर के बीच खेला गया जिसमें 23-21 से कमालपुर की टीम विजयी रही। फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को समाजसेवी अभिषेक राय कुंदन ने पुरस्कार प्रदान किया। मैन आफ द मैच का पुरस्कार रामराज्य चौधरी को दिया गया। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश के पूर्व खेल मंत्री नारद राय ने फीता काट कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अष्ट शहीदों को नमन करते हुए कहा कि कबड्डी क्षेत्र का पारंपरिक खेल है। खेल मंत्री रहते हुए क्षेत्र के युवाओं में खेल को बढ़ावा देने के लिए गांव-गांव में स्टेडियम का निर्माण कराया जिससे देश में ग्रामीण खिलाड़ियों की पहचान बने। प्रतियोगिता में आए अतिथियों को अभिषेक राय कुंदन ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मैच के रेफरी दुर्गा राय एवं पप्पू राय, कमेंट्री राजेश गुप्ता और स्कोरर की भूमिका आकाश राय और बाला राय ने निभायी। इस मौके पर जयप्रकाश राय प्रधान प्रतिनिधि, संतोष राय, विजेंद्र राय, प्रफुल्ल राय, शेरू राय, गौरव राय, आयूष राय, रोहित राय, मिक्कू राय, बुचू उपाध्याय, नीरज राय, बंटी यादव, घनश्याम शर्मा आदि उपस्थित थे। अंत में लक्ष्मण राय ने आभार प्रकट किया।