सादात(गाजीपुर)। स्काउटिंग भ्रमण का विज्ञान है। स्काउटिंग का ज्ञान प्राप्त करके हर व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। इससे सबके दिल में ईमानदारी, प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना का विकास होता है। यह बातें राजकीय हाईस्कूल सौरी में आयोजित स्काउट-गाइड के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के उद्घाटन अवसर पर बुधवार को जिला स्काउट मास्टर श्रीकांत सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों में शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास भी भरपूर किया जा सकता है। इससे पूर्व ध्वज शिष्टाचार की प्रक्रिया पूर्ण की गई। राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य राम अवतार यादव ने कहा कि छात्रों के अलावा हर व्यक्ति को समाज से जोड़ने में स्काउटिंग काफी मददगार सिद्ध होती है। प्रशिक्षण के पहले दिन स्काउट मास्टर संजय यादव ने सभी प्रतिभागियों से विद्यालय की साफ-सफाई कराई। उन्होंने छात्रों से घर एवं गांव को साफ रखने की अपील भी की। प्रशिक्षक संतोष कुमार सिंह कुशवाहा ने छात्रों को पावेल के छह व्यायामों का अभ्यास कराया। जिला स्काउट मास्टर श्रीकांत सिंह ने सर्वप्रथम टोली का विभाजन किया। इसके बाद ध्वज शिष्टाचार के तहत झंडा बांधना, चढ़ाना और फहराने की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। उन्हें स्काउटिंग का इतिहास, नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना और झंडा गीत की जानकारी अभ्यास कराकर दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक पंकज कुमार, प्यारेलाल कनौजिया और अभिभावक संघ के सदस्य रमाशंकर राय और मुनव्वर अली उपस्थित थे।