गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के तहत अधूरे हुए मतदान के बाद मतपेटिकाओं को कालेज के गृहविज्ञान प्रयोगशाला में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। महामंत्री पद पर भी मतदान होने के बाद अब 15 अक्तूबर को एक साथ मतों की गिनती होगी। मतपेटिकाओं की सुरक्षा के लिए पीएसी की तैनाती कर दी गई है।
शुक्रवार को पीजी कालेज में हुए मतदान में महामंत्री पद के एक उम्मीदवार का नाम बैलेट पेपर पर न होने से इस पद पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है। अब मतदान 15 अक्तूबर को होगा। उसी दिन एक साथ मतगणना की जाएगी। कालेज प्रशासन की इस लापरवाही से चारों तरफ किरकिरी हो रही है। पीजी कालेज के मतदान के तहत शुक्रवार को बैलेट पेपर पर महामंत्री पद के एक उम्मीदवार सुधांशु तिवारी का नाम नहीं था। इसकी जानकारी होने पर छात्र आक्रोशित हो गए तथा धरने पर बैठ गए। महामंत्री पद के सभी उम्मींदवारों की मांग पर इस पद पर चुनाव को स्थगित करा दिया। तय किया गया कि 15 अक्तूबर को आठ बजे से एक बजे तक सिर्फ महामंत्री पद के लिए मतदान कराया जाएगा। उसी दिन दो बजे से मतगणना कराकर शाम को परिणाम घोषित कर किया जाएगा। तब तक मतपेटिकाओं को पीजी कालेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया। मुख्य चुनाव अधिकारी डा.बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि इन मत पेटिकाओं को एक साथ ही मतगणना में शामिल किया जाएगा।