मुहम्मदाबाद/बहरियाबाद(गाजीपुर)। विद्यालयों में भारत का भविष्य परवान चढ़ता है। यह विद्यालय छात्र-छात्राओं को तराश-खराश कर समाज को अच्छा नागरिक बनाने का कार्य करते हैं। चहुंमुखी विकास के लिए आवश्यक है कि छात्र-छात्राएं पाठ्य सहगामी क्रियाओं में भी बढ़-चढ़ कर भाग लें। यह बात जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अवस्थी ने अष्ट शहीद इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद के परिसर में 64 वीं मंडलीय शिक्षा युवक समारोह (एथलेटिक्स) सांस्कृतिक प्रतियोगिता 2018 के उद्घाटन के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कही।
उन्होंने कहा कि प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शित करने का प्रयास करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि शिक्षक विधायक प्रमोद कुमार मिश्रा ने कहा कि समय और अनुशासन का पूर्ण ध्यान दें तो आपका उद्देश्य अवश्य पूरा होगा। इससे पूर्व विद्यालय की छात्र विशाल पांडेय और साथियों के द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। स्वागताध्यक्ष के स्वागत भाषण के पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा झंडोत्तोलन, गुब्बारा एवं कबूतर उड़ाया गया। मार्च पास्ट की टीमों द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। आठ सौ मीटर दौड़ के साथ खेलकूद प्रारंभ हुआ। निर्णायक के रूप में विजय शंकर राय, राजेंद्र यादव, कमरुद्दीन, शाहजहां खान, आकाश सिंह, अखंड राय आदि रहे। इस अवसर जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार मिश्र क्रीड़ा सचिव सुबहानुल्लाह खान, विनोद सिंह, शिवकुमार सिंह, सौरभ पांडेय, सुदामा विश्वकर्मा, चौधरी दिनेश चंद्र राय आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता अजय कुमार द्विवेदी तथा संचालन डा. संजय कुमार राय ने किया। अंत में सह संयोजक/प्रधानाचार्य गुप्तेश्वर राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।