गाजीपुर। सरकार की ओर से पॉलिथीन के उपयोग को बंद किए जाने को लेकर जिले भर में सोमवार को प्रचार-प्रसार और जागरूक किया गया। इस मौके पर स्कूली छात्रों ने जहां रैलियां निकालीं वहीं बच्चों को पॉलिथीन प्रयोग न करने की शपथ दिलाई गई। जिला स्तर के अधिकारी भी दुकान-दुकान घूम कर पॉलिथीन रोक पर जोर दिया। बताया गया कि इसका प्रयोग करते हुए पकड़ने जाने पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
शहर के प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज तथा मुगलानीचक के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से महुआबाग से जागरूकता रैली निकाली, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कचहरी तक पहुंची। इस दौरान बच्चे पॉलिथीन के प्रयोग को रोकने संबंधी नारे लगा रहे थे। इस दौरान स्काऊट गाइड के बच्चे भी साथ दे रहे थे। इस कार्यक्रम में प्रभारी बीएसए पूर्णिमा श्रीवास्तव, वित्त एवं लेखाधिकारी गुलशन, पीयूष कुमार, प्रदीप पांडेय, अदनान, अरुण राय, शीला सिंह, रितेश सिंह आदि शामिल रहे।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार नगरपालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी श्रीचन्द की अध्यक्षता में पूरे नगर में पॉलिथीन पर लगे प्रतिबंध का प्रचार-प्रसार किया गया। नगर की जनता एवं दुकानदारों से पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने की अपील की गई। नगर में जिन दुकानदारों के पास कागज के दोने का उपयोग करते पाया गया, उन्हें माला पहनाकर और पुष्प अर्पित कर सम्मानित किया गया। लोगों को अवगत कराया गया कि भविष्य में जो लोग प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग करते पकड़े जाएंगे, उनके ऊपर 50 हजार का दंड लगाया जाएगा। इस अवसर पर दिनेश वर्मा, राजकुमार रावत, संतोष कुशवाहा, राजेन्द्र कुमार ग्वाल, जितेंद्र कुमार आदि रहे।
बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर रैली निकाली तथा दुकानदारों एवं आम नागरिकों को पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया। चेयरमैन के प्रतिनिधि सभासद रेयाज अहमद अंसारी ने पॉलिथीन के प्रयोग से होने वाली हानि के बारे में बताया कि पर्यावरण का सबसे बड़ा शत्रु पॉलिथीन ही है। प्रत्येक दुकानों पर पहुंचकर पॉलिथीन में सामान नहीं देने की अपील की तथा सरकार के आदेश का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। रैली बस स्टैंड से शुरू होकर सदर बाजार, बरतर होते हुए दसाई बारी, पहुंच कर समाप्त हुई। रैली में कुंवर दयानंद, इकबाल अहमद, दीपक कुमार आदि रहे।
मरदह संवाददाता के अनुसार प्लास्टिक के प्रयोग को रोकने के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मरदह बाजार में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान प्रमुख चौराहों, बस्ती आदि जगहों पर दुकानदारों से तथा ग्रामीणों से इसके उपयोग को नहीं करने की सलाह दी। रैली में हम सबका एक ही नारा है पॉलिथीन को हटाना है, हरियाली को बढ़ाना है पॉलिथीन को हटाना है, आओ घर-घर अलख जगाएं पॉलिथीन को घर से भगाए। पर्यावरण को बचाना है पॉलिथीन को जड़ से मिटाना है। छीन रहा है जीवन हमारा ये पॉलिथीन हत्यारा आदि नारे लगाते हुए छात्राएं चल रही थीं। इस मौके पर वार्डेन प्रेमा सिंह, मोना सिंह, साधना उपाध्याय, सीमा कुमारी, अर्चना कुमारी, प्रदीप यादव, सुजीत कुमार, जगदीश कुशवाहा, बंटी राजभर आदि रहे ।
इनसेट..
पॉलिथीन के दुष्प्रभाव के बारे में दी जानकारी
नंदगंज। स्थानीय शहीद स्मारक इंटर कॉलेज के प्रांगण में सोमवार को विद्यार्थियों को पॉलिथीन के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। प्रार्थना के बाद प्रधानाचार्य उदयराज ने विद्यार्थियों को पॉलिथीन बैग मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने की शपथ दिलाई। इस दौरान पॉलिथीन के विकल्प और कपड़े के बैग को उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों के अलावा शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मियों ने भी अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस मौके पर रामनगीना सिंह, ओमप्रकाश सिंह, कमलेश निरंकारी, मुन्नू राम, मुकेश श्रीवास्तव, ईश्वरदेव सिंह, अशोक कुमार सिंह, जितेंद्र राम, सत्य नारायण पांडेय, मधु सिंह, मीना सिंह, सुदामा राम, दीनानाथ, कर्मदेव, हरिनंद, उदयनारायण सिंह, सरोज सिंह, रामचंद्र सिंह यादव, बेचनी देवी आदि रहे।
इनसेट..
नपा अध्यक्ष ने रैली निकाल किया जागरूक
जमानिया। संवाददाता के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष एहसान जफर के नेतृत्व में पॉलिथीन प्रतिबंध रैली स्टेशन बाजार में निकाली गई। जिसमें व्यापारियों और नागरिकों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने का निवेदन किया गया। इस दौरान पोस्टर-बैनर और माइक से बाजार में भी प्रचार कर व्यापारियों को जागरूक किया गया। रैली में पॉलिथीन रोकने के गगनभेदी नारे लगाए जा रहे थे। इस दौरान उपजिलाधिकारी विनय कुमार ने कहा कि पॉलिथीन का उपयोग बिलकुल न करें। उसके स्थान पर झोला, कागज के बने थैले आदि का प्रयोग करें ताकि पर्यावरण शुद्ध रहे। नपा अध्यक्ष ने कहा कि बहिष्कार ही समाधान है। इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने सभी से सरकार के आदेश का पालन करने का आह्वान किया। रैली बरुईन मोड़ पर जा कर समाप्त हुई। इस मौके पर तारकेश्वर वर्मा, बृजनंदन सिंह बबलू, विजय शंकर राय, विकास जायसवाल, उमराव यादव, सुरेंद्र चौधरी, शाहिद नियाजी, एजाज, बृजेश जायसवाल, पंकज निगम, राम सूरत, नारायणदास आदि लोग रहे।