मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। विकास खंड के तिवारीपुर ग्राम पंचायत में शनिवार को स्वच्छ भारत अभियान के तहत उप्र निदेशक पंचायत वाराणसी मंडल एके शाही के निर्देश पर डीसी वाराणसी मंडल सुनील सिंह के नेतृत्व में मंडल स्तर की टीम की ओर से गांव की जांच के बाद तिवारीपुर गांव को खुले में शौचमुक्त घोषित किया गया। मंडलीय सलाहकार सुनील सिंह के नेतृत्व में मंडल स्तर की टीम की ओर से तिवारीपुर ग्राम पंचायत के घर-घर जाकर जांच की गई। टीम के सदस्यों ने खेतों में भी जाकर जांच की। पाया कि गांव के लोग खुले में शौच नहीं करते हैं। उसके बाद पंचायत भवन में गांव के लोगों के साथ बैठक करके लोगों को गांव को स्वच्छ रखने के बारे में जानकारी दी। निरीक्षण के समय जिला स्वच्छता सलाहकार रणविजय यादव, डीपीसी सौरभ विप्लव, सहायक विकास अधिकारी पंचायत गंगासागर कुशवाहा, ग्राम प्रधान प्रेमप्रकाश तिवारी आदि रहे।