गाजीपुर। शाहफैज पब्लिक स्कूल में वार्षिक मेला का आयोजन रविवार को किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं की ओर से खान-पान के विभिन्न स्टॉल संग विभिन्न खेल का आयोजन किया गया था। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से उन्होंने उपस्थित लोगों को मुग्ध कर दिया।
मेला का उद्घाटन विद्यालय की प्रबंधक अतिया अदहमी तथा डिवाइन पब्लिक स्कूल गोरखपुर की प्रधानाचार्य मीना अदहमी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर छात्राओं ने नृत्य प्रदर्शन कर मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय के निदेशक डा. नदीम अदहमी, उप निदेशक समीर अदहमी एवं समा अदहमी ने मुख्य अतिथियों संग सभी स्टॉलों का अवलोकन किया। मेला में आए बच्चों संग अभिभावकों ने विभिन्न स्टालों पर खान-पान के व्यंजनों का स्वाद लिया। बच्चों ने मेला का जमकर आनंद उठाया। इस मौके पर एमजेआरपी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक जगदीश कुशवाहा, तूलिका पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सौरभ उपाध्याय एवं सनशाइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अमित कुमार तथा चंद्रशेखर आदि उप स्थित थे।