मोढ़। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के मसुधी गांव के पास शुक्रवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार इमरान (26) निवासी बदलीपुर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मोढ़ क्षेत्र के बदलीपुर गांव निवासी इमरान (26) पुत्र कयूम सुरियावां में पंचर बनाने का काम करता था। शुक्रवार सुबह यूपी 66 पी 8817 प्लेटिना बाइक लेकर दुर्गागंज बाजार गया था। वहां से लौटते समय जैसे ही दुर्गागंज बाजार के पूर्वी तिराहे पर मसुधी गांव के समीप पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। दर्दनाक हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ज्ञानपुर के पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। कयूम की चार बेटियों में इकलौता इमरान था। उसकी मौत से परिवार पर मानो पहाड़ टूट पड़ा। बुजुर्ग माता-पिता की देखरेख संग दो बहनों की शादी की जिम्मेदारी भी उसके कंधों पर ही थी। इकलौते बेटे की मौत से पिता कयूम और मां रोते-रोते बेसुध हो जा रहे थे। पिता की तबीयत बिगड़ गई। घर वाले उनकी देखरेख में भी जुटे रहे।