दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के धामूपुर के पास मंगलवार की देर शाम टोटो चालक को मारपीट कर लुटेरों ने 5800 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि तहरीर देने पर थाने के एक सिपाही ने दबंग का पक्ष लेते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी है।
सिखड़ी निवासी टील्ठु कश्यप मलिकपुरा स्थित यूनियन बैंक से लोन लेकर टोटो वाहन खरीदकर चलाता है और परिवार का भरण-पोषण करता है। पीड़ित ने बताया कि चार दिन पूर्व कुछ दबंगों ने उसका टोटो रोककर कहा कि वाहन नहीं चलेगा, हम लोग थाने पर पैसा देकर वाहन चलवाते हैं। इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन नंबर पर किया गया। बताया कि मंगलवार को घर से पैसा लेकर टोटो का किस्त जमा करने के लिए निकला था। धामूपुर के पास बिना नंबर की बाइक मुंह बांधे तीन लुटेरों ने टोटो रोककर मारने-पीटने के बाद जेब में रखा 5800 रुपये लूट कर फरार हो गए। थाने पर शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी उन्होंने दी। पीड़ित द्वारा इस घटना की तहरीर थाने पर दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दूसरे दिन पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना पर बुलाकर जेल भेजने की धमकी देते हुए घर भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं हैं।