बारा। गहमर थाना क्षेत्र के बारा गांव स्टेशन रोड पर स्थित एक खेत में लगे सरपत में बुधवार को दिन में अज्ञात कारणों से आग लगने से हड़कंप मच गई। लोग आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच आग ने पास ही स्थित एक रिहायशी झोपड़ी को भी अपनी जद में ले लिया। लोगों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ढाई बीघा सरपत के साथ ही झोपड़ी जल कर राख हो गई। संयोग रहा कि पास में खेतों में लगी गेहूं की फसल तक आग नहीं पहुंची।
क्षेत्र के बारा गांव निवासी नसीम खां के खेत में करीब ढाई बीघा सरपत लगा हुआ था। बुधवार की दोपहर करीब एक बजे रहस्यमय परिस्थितियों में सरपत में आग लग गई। धुआं और आग की लपटें उठता देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पानी एवं मिट्टी डाल कर लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की चपेट में आकर एक रिहाइशी भी झोपड़ी भी धू-धू कर जलने लगी। लोग घटना की जानकारी रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बारा को देने के बाद आग बुझाने में जुट गए। चौकी प्रभारी यजुवेंद्र सिंह ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही ढाई बीघा सरपत सहित झोपड़ी और उसमें रखा सामान जल कर राख हो गया।