गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा शुरू होने में अब मात्र एक पखवारे का समय शेष रह गया गया है। हाईस्कूल और इंटर की उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने के बाद प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सप्ताह जिले को प्रवेश पत्र मिल जाएगा तथा कापियों का तहसीलवार वितरण भी पूरा कर लिए जाने की उम्मीद है।
आगामी सात फरवरी से माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है। इस परीक्षा में 180242 परीक्षार्थी बैठेंगे। इनमें हाईस्कूल में 96917 संस्थागत एवं 377 व्यक्तिगत सहित कुल 97294 और इंटर में 82581 संस्थागत एवं 367 व्यक्तिगत सहित 82948 परीक्षार्थी शामिल हैं। इस परीक्षा के लिए हाईस्कूल की साढ़े पांच लाख और इंटर की पौने पांच लाख कापियां बोर्ड की ओर से उपलब्ध करा दी गई है। दोनों कक्षाओं का प्रश्नपत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग की मानें तो इस सप्ताह प्रवेश पत्र उपलब्ध हो जाने के साथ ही तहसीलवाल उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण भी पूरा कर लिया जाएगा। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 11 राजकीय, 76 सहायता प्राप्त तथा 202 वित्तविहीन विद्यालय सहित कुल 289 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही बोर्ड परीक्षा के संबंध में बैठक की जाएगी। मालूम हो कि बीते वर्ष दोनों कक्षाओं के दो लाख 36 हजार 86 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।