दुबिहां (गाजीपुर)। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के लठ्ठूडीह गांव में मंगलवार की देर रात एक पागल सियार ने हमला कर महिलाओं सहित छह लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से सियार को मार डाला। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। लठ्ठूडीह गांव कई लोग रोज की तरह रात में घर के बारामदे, दुकान के बाहर और झोपड़ी में सोए थे। रात में करीब 12 बजे पागल सियार पहुंचा और भागमनी (90), तेतरी (70), चानमुनी (36), रविंद्र गोड़ (60), विक्रम राजभर (50) और धन जी (17) पर बारी-बारी से हमला बोल दिया। इस पर लोग चीख पुकार करने लगे। आवास सुनकर अन्य ग्रामीणों की नींद टूट गई। लोगों ने घेरेबंदी कर लाठी-डंडा से मारकर सियार को मार डाला। लोगों ने 108 नंबर को घटना की सूचना दिया। सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया।