मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। सिविल बार एसोसिएशन मुहम्मदाबाद एवं रेवेन्यू बार एसोसिएशन मुहम्मदाबाद की बुधवार को हुई अलग-अलग बैठकों में उपजिलाधिकारी की ओर से किए जा रहे विधि विरुद्ध कार्यों के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। इससे दीवानी न्यायालय एवं राजस्व न्यायालयों में न्यायिक कार्य ठप रहा।
सिविल बार एसोसिएशन मुहम्मदाबाद की बैठक बार भवन में हुई। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदान तिवारी एवं काशीनाथ यादव के संयुक्त प्रार्थना पत्र पर विचार करने के बाद उपजिलाधिकारी की ओर से विधि विरुद्ध किए जा रहे कार्यो एवं भ्रष्टाचार की निंदा की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिल कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करेगा। उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार मुहम्मदाबाद के अनैतिक कार्यों के विरुद्ध सभी न्यायालयों के न्यायिक बहिष्कार का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक की अध्यक्षता सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्रनाथ लाल ने की। रेवेन्यू बार एसोसिएशन की बैठक संघ के उपाध्यक्ष मंगला सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिकारी अगर पत्रावलियां ग्राम न्यायालय में ले जाकर मनमाना आदेश पारित करेंगे तो संघ कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होगा। बैठक में राजेश कुमार, अमरदेव राय, समता बिंद, अवधेश कुमार, संजय कुमार, वीरेंद्र सिंह, काशीनाथ यादव आदि उपस्थित रहे।