सुहवल (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के अंतर्गत सांसद आदर्श गांव एवं शहीद कर्नल एमएन राय के पैतृक गांव डेढगावां में शिवाला मंदिर पर विद्युत विभाग ने कैंप लगाया। इस मौके पर सौ लोगों को इस योजना के तहत नि:शुल्क कनेक्शन दिया गया। कनेक्शन का प्रमाणपत्र पाकर पात्रों का चेहरा खुशी से खिल उठा। कैंप का शुभारंभ बलिया के सांसद भरत सिंह के मुहम्मदाबाद विधानसभा के प्रतिनिधि प्रमोद राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी गांवों के विद्युतीकरण के लिए प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना शुरू की है। यह उन लोगों के लिए है, जो अभी भी बिना बिजली के रह रहे हैं। सौभाग्य योजना के कार्यान्वयन के लिए अगले दो वर्षों में सरकार 17,000 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग करेगी। इस योजना का उद्देश्य देश के सभी ग्रामीण और शहरी परिवारों को नि:शुल्क बिजली कनेक्टिविटी प्रदान करना है। वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र राय ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के लिए विभिन्न तरह की योजनाएं संचालित कर रही है। अब गरीबों के घर सौभाग्य योजना के तहत जगमग होंगे। इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता एसके सिंह, हरिपाल राय, अवर अभियंता संतोष मौर्या, सदर एसडीओ शिवम राय, अवर अभियंता हर्षित राय, चंद्रजीत यादव, मनोज वर्मा, बुच्चन उपाध्याय, काशीनाथ उपाध्याय, शिवशंकर शर्मा, रामजी यादव, रघुवंश कुशवाहा, मथुरा कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।