गाजीपुर। शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए पूजा पंडालों में आज हवन-पूजन और मंत्रोच्चार के बीच मां की आंखों पर बंधी पट्टी को खोल दी जाएगी। शाम से लेकर देर रात तक इन पंडालों में देवी का दर्शन-पूजन करने वालों की भीड़ उमड़ेगी। पंडालों पर शाम को होने वाली आरती लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। लगातार तीन दिनों तक पंडाल भक्तों से गुलजार रहेंगे।
शहर के मिश्रबाजार, लालदरवाजा, महुआबाग, झुन्नूलाल चौराहा, स्टीमरघाट, चीतनाथ घाट, नखास, नवाबगंज, उर्दूबाजार, तुलसिया का पुल, कचहरी, सिंचाई विभाग चौराहा, पीरनगर, भुटहियाटाड़, रेलवे स्टेशन, गोराबाजार, सकलेनाबाद, ददरीघाट रायगंज, टेढ़वा, महाजनटोली, आदि मुहल्लों में कई दिनों से पूजा समितियों द्वारा पूजा पंडाल बनाने का कार्य चल रहा था। जैसे-जैसे पर्व नजदीक आता गया, वैसे-वैसे पंडाल निर्माण कार्य में भी तेजी आती गई। सप्तमी तिथि से एक दिन पूर्व मंगलवार को प्राय: सभी पूजा समितियों की तरफ से पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा कर दी गई। बुधवार को विधिवत हवन-पूजन और मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मणों द्वारा प्रतिमा पर बंधी पट्टी को खोल दिया जाएगा। इसके बाद मां के दर्शन-पूजन का क्रम शुरू होगा। शाम को पंडालों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ेगी, जो देर रात तक बनी रहेगी। लगातार तीन दिनों से देवी के दर्शन से प्राय: पूजा पंडाल गुलजार रहेंगे। शाम को होने वाली आरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा पंडालों में भी सप्तमी के दिन से देवी के दर्शन-पूजन की धूम शुरू हो जाएगी।
इनसेट
नवरात्र के पहले दिन से ही जारी है दर्शन-पूजन
नंदगंज। स्थानीय बाजार में चोचकपुर तिराहा, थाना, शादियाबाद मोड़ और रेलवे क्रासिंग के पास भव्य पंडाल का निर्माण कर पूजा समितियों की तरफ से नवरात्र के पहले दिन से देवी की प्रतिमा की स्थापना कर दी गई। हवन-पूजन के बीच मां के दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। शाम से लेकर देर रात तक पंडालों में देवी का दर्शन करने वाले भक्तों की भीड़ उमड़ रही। पंडालों की आसपास की गई झालरों की सजावट छंटा बिखेर रही है। बड़े-बड़े साउंड बाक्स पर बज रहे गीतों से आसपास का वातावरण देवीमय बना हुआ है।