सैदपुर। एसडीएम से तनातनी को लेकर एक पखवारे से अधिवक्ता हड़ताल पर थे। मंगलवार की शाम अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला। उनसे बातचीत के बाद बुधवार को हड़ताल समाप्त कर दी गई।
मालूम हो कि तीन जुलाई को अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी सत्यम मिश्र की कार्य प्रणाली से क्षुब्ध होकर एसडीएम का मुखर विरोध करते हुए उनके स्थानांतरण की मांग करते हुए न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर दिया था। कई चक्र की वार्ता के बाद भी कोई हल न निकलने पर अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल ने बार के अध्यक्ष जेपी सिंह नेतृत्व में मंगलवार की शाम जिलाधिकारी संजय खत्री से वार्ता की। डीएम की मध्यस्थता के बाद वकीलों और उपजिलाधिकारी के बीच हुई वार्ता के बाद अधिवक्ताओं ने हड़ताल समाप्त किया गया। प्रतिनिधिमंडल में हीरा पांडेय, अरुण यादव, पंकज श्रीवास्तव, ब्रजेश सिंह, विनित सिंह, अमरनाथ सिंह, मनीष तिवारी, विनोद चौबे, रंगजी यादव, कृष्णा श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।