शादियाबाद (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के अ ड़िला गांव के पास गुरुवार को दोपहर बोलेरो की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के पुत्र ने बोलेरो चालक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस बोलेरो को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश में जुट गई।
अड़िला गांव निवासी सेचू राम साइकिल से मनिहारी बाजार में किसी काम से गए थे। काम पूरा होने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान अड़िला गांव के पास बाजार की तरफ से जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने से सेचू राम की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस और मृतक के परिवार वालों को दी। कुछ ही देर में परिवार और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिवार और घटनास्थल के आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के पुत्र विजय कुमार ने शादियाबाद थाना क्षेत्र के मुहब्बतपुर निवासी बोलेरो चालक सुरेंद्र यादव के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है।