गहमर कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय गांव में रविवार की देर रात चोरों ने प्राचीन मंदिर वरशाल ब्रह्म के परिसर में लगे 51 किलो का पीतल का घंटा और एक सीसीटीवी कैमरा चुरा लिया। मंदिर के पुजारी चंदन उपाध्याय ने कोतवाली में तहरीर दी।
मंदिर के पुजारी चंदन उपाध्याय ने बताया कि रविवार की रात मंदिर में शृंगार आरती करने के बाद घर चला गया। देर रात किसी समय चोर मंदिर के गेट पर लगा घंटा खोल ले गए। सोमवार को सुबह साढ़े चार बजे मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचा तो घंटा और सीसीटीवी कैमरा न देखकर ग्रामीणों और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों ने बताया कि 10 दिन पहले गांव के ही मनभद्र बाबा शिव मंदिर में भी चोरी हुई थी। पुलिस की तरफ से अब तक चोरों का सुराग तक नहीं लगा है। मंदिर में दूसरी चोरी से ग्रामीणों में रोष है।
कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि मंदिर के पुजारी चंदन उपाध्याय ने घंटा चोरी की तहरीर दी है। कार्रवाई कर जल्दी ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।