जिला उद्योग और व्यापार बंधु की बैठक में निवेशकों की समस्याएं जानीं
औद्योगिक आस्थान नंदगंज की इकाइयों का निरीक्षण समिति गठित करने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिला उद्योग और व्यापार बंधु की बैठक राइफल क्लब सभागार में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई और कई निर्णय लिए गए।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से समिति को अवगत कराया गया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का लक्ष्य 300 करोड़ पूंजी निवेश के सापेक्ष 24 मार्च तक विभिन्न क्षेत्रों में 234 प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसमें निवेश धनराशि 3138.28 करोड़ तथा रोजगार 110495 शामिल है। जिसमें 208 प्रस्ताव का एमओयू जारी है, जिसमें धनराशि 2648.58 रुपये व रोजगार 109645 है।
जिलाधिकारी द्वारा निवेशकों की समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त उद्योग द्वारा अवगत कराया गया कि 50 निवेशकों द्वारा कुल 122 एकड़ भूमि तथा पूंजी की मांग की गई है। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा ऋण की उपलब्धता के लिए अग्रणी जिला प्रबंधक एवं भूमि के संबंध में औद्योगिक आस्थानों में रिक्त भूमि के आवंटन तथा भूखंड स्वामियों के आपसी सहमति पर भूखंड हस्तानांतरण की कार्यवाही करने एवं अप्रैल प्रथम सप्ताह में औद्योगिक आस्थान नंदगंज की इकाइयों का निरीक्षण समिति गठित करके करने का निर्देश दिया गया।
जनपद में शीघ्र औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने की संभावना है, जिसपर भूमि के संबंध में कार्यवाही की जाएगी। निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के संबंध में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समय-सीमा के तहत सभी प्रकरण को निस्तारित कराना सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर सदर विधायक जैकिशुन साहू, एसपी सिटी , परियोजना निदेशक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।