नगर के पथरहिया में रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा का स्वागत करते भाजपा के कार्यकर्ता
- फोटो : mirzapur
सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से पांच कुलियों की तैनाती की गई है। अब यात्रियों को अपने सामान को स्टेशन परिसर से बाहर लाने के लिए पसीना नहीं बहाना पड़ेगा। यात्रियों की ओर से स्टेशन पर कुलियों की तैनाती की मांग कई वर्षों से की जा रही थी। नई ट्रेनों का संचालन सिटी रेलवे स्टेशन से होने के चलते यात्रियों की भीड़ में भी काफी बढ़ोत्तरी हुई है।
सिटी रेलवे स्टेशन सहित जिले के सभी स्टेशनों पर रेलवे की ओर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के साथ जिले को महानगरों से जोड़ने के लिए कुछ दिनों पहले गाजीपुर-आनंद विहार (दिल्ली) त्रै-साप्ताहिक और मुंबई के लिए समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ था। लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन होने से यात्रियों की भीड़ में काफी वृद्घि होती जा रही है।
यात्रियों की भीड़ और लंबी दूरी की ट्रेनों की संख्या में हो रही वृद्घि को देखते हुए रेलवे की ओर से कुलियों की तैनाती की गई है। सिटी रेलवे स्टेशन पर कुली के रूप में काम करने के लिए करीब दस लोगों ने अक्तूबर माह में विभाग में लाइसेंस लेने के लिए फीस जमा कर दी थी। विभाग की ओर से छह माह बाद लाइसेंस जारी कर उन्हें सिटी रेलवे स्टेशन पर तैनाती कर दी गई है। इस संबंध में वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। अब कुलियों की तैनाती हो जाने से यात्रियों को अपने भारी-भरकम सामानों के प्लेटफार्म और ट्रेनों में चढ़ाने में आसानी होगी।