गाजीपुर। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। इससे चहुओर दहशत साफ दिखाई दे रही है। महज 24 घंटे में मरीजों की संख्या एकाएक बढ़कर 21 हो गई है। चार जून तक जिले में 152 कोरोना के मरीज मिले हैं। इसमें से 68 ठीक हो कर घर जा चुके है। जानकारी के मुताबिक वाराणसी में भर्ती जिले के सभी मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि जौनपुर जिले में अभी भी कुछ मरीजों का इलाज चल रहा है। बाकी 72 मरीज मुहम्मदाबाद के लेवल वन अस्पताल में भर्ती हैं।
अब तक 3296 लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है। इसमें से 748 लोगों की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। खास बात यह है कि बृहस्पतिवार को भी 272 संदिग्धों का स्वैब जांच के लिए भेजा गया है। इसमें अब अधिकतर लोग इन मरीजों से जुड़े परिवारों या इनसे मिलने-जुलने वाले हैं। इसको देखते हुए खतरे की संभावना अधिक जताई जा रही है। बाहर से आने वाले प्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद इन्हें घर भेज दिया गया है। इन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसमें अधिकतर की अवधि पूर्ण हो चुकी है। हालांकि अभी भी छिटपुट प्रवासियों के आने का क्रम बना हुआ है। इधर रेल बस की सेवा शुरू हो जाने से लोग यात्रा भी करने लगे है। जिले के मरीजों को मुहम्मदाबाद के कोविड 19 लेबल वन अस्पताल में भरती किया जा रहा है। नोडल अधिकारी डा. स्वतंत्र सिंह ने बताया कि अब जिले में संक्रमण का खतरा अधिक हो गया है। लोगों को बगैर मास्क के घर से नही निकलना चाहिए और पूरी तरह से सावधान रहना चाहिए।