मौधा। पंचायत चुनाव के मद्देनजर सैदपुर ब्लॉक में नामांकन पत्रों की बिक्री तेज हो गई है। ब्लॉक क्षेत्र की 98 ग्राम पंचायत, 118 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 1232 पदों पर ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है। खंड विकास अधिकारी सैदपुर दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि ब्लॉक कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए पहली अप्रैल से तीन काउंटर बनाए गए हैं। अब तक कुल 771 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। इनमें प्रधान पद के लिए अब तक 428 नामांकन पत्र बिके हैं। जबकि, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 252 नामांकन पत्र बिके हैं। हालांकि ग्राम पंचायत सदस्य पदों की संख्या के अनुरूप उनके नामांकन पत्रों की बिक्री का आंकड़ा निराशाजनक माना जा रहा है। तीन दिनों में ग्राम पंचायत सदस्य पद के सिर्फ 91 नामांकन पत्रों की बिक्री ही हो सकी है। उपजिलाधिकारी सैदपुर विक्रम सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। मतदाताओं को धमकाने अथवा प्रलोभन देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।