गाजीपुर। आगामी लोकसभा चुनाव में ऐसे बूथों पर एक अतिरिक्त मतदान कार्मिक तैनात किया जाएगा, जहां 12 सौ अथवा उससे अधिक मतदाता हैं। जनपद में ऐसे 105 मतदेय स्थल हैं, जहां एक पीठासीन अधिकारी सहित पांच कार्मिक लगाए जाएंगे। ऐसे सबसे ज्यादा बूथ जनपद के तीन विधानसभा क्षेत्रों में हैं।
सातवें एवं अंतिम चरण में 19 मई को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव की तिथि जैसे-जैसे करीब आती जा रही है वैसे-वैसे उसकी तैयारी तेज होती जा रही है। चुनाव को लेकर जहां राजनीतिक दलों में सुगबुगाहट बढ़ने लगी है वहीं प्रशासनिक कवायद भी जोर पकड़ती जा रही है। आगामी चुनाव में जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के 2949 मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार इन मतदेय स्थलों पर चार-चार मतदान कार्मिक लगाए जाएंगे। जिन बूथों पर 12 सौ या उससे ज्यादा मतदाता हैं उन बूथों पर एक अतिरिक्त मतदान कार्मिक यानी कुल पांच कार्मिक तैनात होंगे। ऐसे सबसे अधिक बूथ तीन विधानसभा क्षेत्रों सैदपुर, जहूराबाद एवं जमानिया में 20-20 तथा, जखनियां में 13, गाजीपुर में 14, जंगीपुर में 10 एवं मुहम्मदाबाद में आठ मतदेय स्थल हैं जहां पांच मतदान कार्मिक लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सखी बूथ बनाया जाएगा। यहां सभी कार्मिक महिलाएं होंगी।