जमानिया। स्थानीय पावर हाउस के सामने लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर एक माह से जल गया है। इसे बदलने के एवज में घूस मांगने पर नागरिकों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में नागरिक अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने पहुंचे। अधिशासी अभियंता के कार्यालय पर न मिलने पर नागरिकों की त्योरी चढ़ गई और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जेई पर 8000 रुपये घूस मांगने का आरोप लगाया।
जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते करीब एक माह से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। हिंदुओं के प्रमुख त्योहार होली पर बिजली नहीं मिली। विभाग के रवैये से लग रहा है कि नवरात्र में भी बिजली नहीं मिलेगी। आरोप लगाया कि जेई कह रहे हैं कि ट्रांसफार्मर पहुंचाने के लिए सरकार के पास बजट नहीं है। आप लोग चंदा लगाकर आठ हजार रुपया एकत्र कीजिए तब ट्रांसफार्मर लगेगा। एसडीओ आरसी एवं बकाए तथा ओवरलोड के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध धनउगाही कर रहे हैं। अधिशासी अभियंता भी भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दे रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि उनकी भी इसमें संलिप्तता है। दो दिन में ट्रांसफार्मर न लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी। नाराज नागरिकों ने एसडीएम के ऑफिस में पहुंचकर उनको भी बिजली विभाग के अधिकारियों के भ्रष्ट आचरण से अवगत कराया। पत्रक सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में उपजिलाधिकारी रमेश मौर्य ने जल्द जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने का आश्वासन दिया। तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर नागरिकों की समस्या को दूर करने का निर्देश दिया हे। इस मौके पर अनिल पांडेय, सुंदर यादव, बबलू, रामदयाल कुशवाहा, शंकर गुप्ता, अफजल खां आदि मौजूद रहे।