सेवराई। अच्छे लोग अच्छा बैंक का नारा देने वाले यूनियन बैंक में धन की लेन-देन के अलावा छोटे-छोटे कामों के लिए भी ग्राहकों को कर्मचारियों की झिड़की सुननी पड़ रही है। ग्राहकों के साथ कर्मचारियों का व्यवहार ठीक न होने से काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। यहां पासबुक अपडेट कराना ग्राहकों की एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। इसके लिए बैंक प्रबंधक नए-नए फरमान जारी करते रहते हैं और ग्राहक शाखाओं का चक्कर लगाते रहते हैं। ग्राहकों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वह ऊपर तक शिकायत और आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। तहसील क्षेत्र के यूनियन बैंक भदौरा से सेवराई, बकसड़ा, मिश्रवलिया, मनियां, भदौरा गांव, नवली, बसुका सहित दर्जनों गांव के हजारों ग्राहक जुड़े हैं। हाल में बैंक प्रबंधक अमित कुमार की ओर से सिर्फ एक बजे तक ही पासबुक प्रिंट किए जाने का फरमान जारी किया गया है। इधर कई दिनों से पासबुक अपडेट किए जाने का काम बंद है। आए दिन तकनीकी खराबी का हवाला दिया जाता है। इतना ही नहीं अन्य बहाने बता कर ग्राहकों को वापस भेज दिया जाता है। लगातार काम न होने से ग्राहक पूछताछ करने जाते हैं, तो कर्मचारी उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगते हैं। पासबुक प्रिंट न होने की वजह से लोगों को अपने द्वारा किए गए लेन-देन के बारे में एवं बैंक की कटौती आदि अन्य ट्रांजैक्शन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यों, छात्रवृत्ति, पेंशन व अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए पासबुक प्रिंट छाया प्रति मांगे जाने पर बैंक द्वारा पासबुक प्रिंट न होने से ग्राहक द्वारा उसे जमा करने में असमर्थता जता रहे हैं। रमेश कुमार, आनंद, गुड़िया गुप्ता, सोनमती आदि ने कहा कि वह की बार से बैंरग लौट रही है। समस्या दूर नहीं हुआ तो जल्द ही आंदोलन किया जाएगा। यूनियन बैंक के उपक्षेत्र प्रमुख मनोज कुुुमार बरनवाल ने बताया कि दस से चार बजे तक पास बुक प्रिंट कराया जा सकता हैं। किसी भी ग्राहक को परेशान नहीं किया जा सकता है। शिकायत की जांच कराई जाएगी।