गाजीपुर। नेहरू युवा केंद्र की ओर से युवाओं के बौद्धिक, शैक्षिक, शारीरिक, सामाजिक विकास के लिए शास्त्री नगर में तीन दिवसीय युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ यूबीआई के एलडीएम मनोज कुमार किया गया।
मुख्य अतिथि ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा कहा कि देश का विकास गांव से होकर गुजरता है। आज गांव और शहर का प्रदूषित वातावरण भावी पीढ़ी को विकसित होने में बाधक हो रहा है। इससे शैक्षिक सामुदायिक वातावरण का निर्माण नहीं हो पा रहा है। नेहरू युवा केंद्र की इस पहल से भविष्य में युवाओं का मानसिक बौद्धिक, शैक्षिक वातावरण का पुनर्जागरण होगा। समूहों के माध्यम से स्वयं का विकास किया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि विनोद प्रसाद शर्मा निदेशक आर. सेटी ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर उसका सदुपयोग करना ही इस प्रशिक्षण की प्रासंगिकता है। अति विशिष्ट अतिथि यूबीआई के प्रबंधक इन्द्रजीत घोष ने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़ेगा। लेखाकार सुभाष चन्द्र प्रसाद ने कहा कि जब चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री हो सकता है तो हमारे गांव के युवा क्या नहीं कर सकते। अतिथियों का स्वागत कुमार जया वर्मा ने प्रस्तुत की। प्रशिक्षण में राज्य प्रशिक्षक पारस नाथ यादव, रामाधार यादव, मनोज बिन्द, रूद्र प्रताप, सुनीता भारद्वाज, पन्नालाल, विनोद कुमार का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षक अंगद सिंह यादव एवं आभार जिला युवा समन्वयक कपिलदेव राम शास्त्री ने किया।