गाजीपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जखनियां ब्लॉक कमेटी की बैठक शुक्रवार को शंकरपुर स्थित शिक्षा निकेतन के परिसर में हुई। इसमें राज्य कार्यकारिणी के सदस्य एवं जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि संविधान में प्रदत्त अधिकारों को जनता के उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। इसमें सामाजिक एवं आर्थिक गैर बराबरी को कम करते-करते खत्म करने की बात कही गई है। फिर भी 71 वर्षों की आजादी के बाद ये समस्याएं बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, शोषित-पीड़ित जनता को संगठित कर समतामूलक समाज के लक्ष्य को प्राप्त करने की बड़ी चुनौती कम्युनिस्टों के सामने है। ब्लॉक मंत्री सुबेदार यादव ने सांगठनिक समीक्षात्मक तथा भावी कार्यक्रम संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत की। 15 अक्तूबर को रामपुर बलभद्र में जनसभा करने तथा 21 अक्तूबर को मार्च निकाल कर अमारी गेट के पास जनसभा करने का निर्णय हुआ। सर्वसम्मति से पारित एक प्रस्ताव में नहरों में टेल तक पानी छोड़ने एवं 20 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग प्रशासन से की गई। इस अवसर पर सह सचिव रामअवध, फूलमैन, रामजन्म, रमापति, युवराज अंसारी, रमेशचंद्र पाल, राजेंद्र गोंड़, उदयनारायण यादव, रामाश्रय चौहान, अंबिका चौहान, अवधनारायण, पारस, रामअवतार आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता बालगोविंद चौहान ने की।